12 नवंबर 2018 - 10:09
ईरान के साथ अच्छे संबंध इराक़ के के हित में हैः बरहम सालेह

इराक़ी राष्ट्रपति ने ईरान के साथ अच्छे संबंध को अपने देश के हित में बताया है।

इराक़ के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति बरहम सालेह ने कहा है कि ईरान के साथ अच्छे संबंध रखना उनके देश के हित में है। उन्होंने इसके साथ ही अमरीका पर बल दिया कि वह ईरान पर पाबंदियां लगाने से संबंधित बातचीत में बग़दाद की राजनैतिक व आर्थिक स्थिति को मद्देनज़र रखे।

बरहम सालेह ने रविवार को अपने कुवैत के दौरे पर पत्रकारों से बातचीत में कहाः "ईरान पड़ोसी देश है और ईरान के साथ अच्छे व मज़बूत संबंध बनाने में ही हमारे हित हैं।"

अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प के प्रशासन ने 5 नवंबर को ईरान के बैंकिंग और ऊर्जा क्षेत्र पर सबसे कठोर पाबंदी दोबारा लगाने का एलान किया है, जिसका लक्ष्य ईरान के तेल सहित मुख्य उत्पादों के निर्यात को ख़त्म करना है। यह पाबंदी 2015 में परमाणु समझौता जेसीपीओए होने से हट गयी थी।

वॉशिंग्टन, सरकारों पर दबाव डाल रहा है कि वे ईरान से तनिक भी तेल न ख़रीदें, लेकिन इसके साथ ही तेल की क़ीमत बढ़ने के डर से ट्रम्प प्रशासन ने ईरान के तेल के 8 बड़े ख़रीदार देशों चीन, भारत, दक्षिण कोरिया, जापान, इटली, यूनान, ताइवान और तुर्की को पाबंदी पर अमल करने से छूट दी है।